✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार शाम जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता व प्रभारी पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च की शुरुआत होते ही शहर में सुरक्षा का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा। डीएम ने कहा कि रामनवमी के अवसर पर जिले के विभिन्न हिस्सों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। उन्होंने लोगों से भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
एसपी नीरज कुमार सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की अशांति, उपद्रव या अवांछनीय गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और यदि कोई इसका उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में अवैध डीजे को जब्त किया जा रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है। फ्लैग मार्च मुख्यालय के निर्देशानुसार किया गया, ताकि शोभायात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
फ्लैग मार्च में एसडीओ सुनील कुमार, एसडीपीओ सदर अजय कुमार सिंह, डीसीएलआर शहबाज खान, सदर सीओ रवि शेखर, सदर बीडीओ, यातायात डीएसपी शैलेश प्रीतम, नगर थाना इंस्पेक्टर राजू कुमार, सराय थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, महादेवा थानाध्यक्ष निर्भय कुमार समेत कई पदाधिकारी शामिल थे।