Explore

Search

December 13, 2025 3:42 pm

सिवान : रामनवमी पर जयघोष से गूंज उठा ग्रामीण क्षेत्र, भव्य शोभायात्रा में झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान:
रामनवमी के अवसर पर रविवार को सिवान जिला मुख्यालय से लेकर विभिन्न प्रखंडों तक आस्था और उल्लास की लहर दौड़ पड़ी। हाथी-घोड़े और बैंड-बाजों के साथ निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे वातावरण को ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गुंजायमान कर दिया। केसरिया ध्वजों से सजे गांव-शहर राममय हो उठे। शोभायात्रा के मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह प्याऊ, जलपान और शरबत की व्यवस्था की गई थी।

सुरक्षा के मद्देनज़र चप्पे-चप्पे पर रही पुलिस की तैनाती
प्रशासनिक सतर्कता का परिचय देते हुए पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती हर मोड़ और चौक-चौराहों पर की गई थी। बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी खुद फील्ड में मौजूद रहकर शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे।

भगवानपुर हाट:
यहाँ युवाओं ने भगवा गमछा और पगड़ी पहन बाइक रैली निकाली। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की झांकियों ने लोगों को मोहित कर दिया। मुख्यालय बाजार में मनोकामना दुर्गा मंदिर के समीप यात्रा का भव्य स्वागत हुआ।

महाराजगंज:
श्रीराम सेवा समिति द्वारा सती मां मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिव मंदिर तक पहुँची। हाथी, घोड़े, ऊँट और बैंड-बाजे ने शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। भाजपा कार्यकर्ता कृष्णा सिंह ने शीतल जल और शरबत की व्यवस्था की।

गोरेयाकोठी:
यहाँ स्थानीय विधायक देवेशकांत सिंह के नेतृत्व में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें धानुक टोली, मिर्जापुर समेत कई गांव शामिल रहे। विधायक ने लकड़ी नबीगंज और बसंतपुर में भी शोभायात्रा में भाग लिया।

बसंतपुर:
रामजानकी मंदिर से निकली शोभायात्रा विभिन्न गांवों का भ्रमण कर पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। आकर्षक झांकियों में भगवान राम, सीता, लक्ष्मण, हनुमान, शिव-पार्वती का सजीव रूप देखा गया।

आंदर, सिसवन, दारौंदा:
प्रखंड मुख्यालयों और बाजारों में हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और जयघोष के साथ निकली शोभायात्रा में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं निगरानी करते हुए पूरी यात्रा को शांति से संपन्न कराया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर