Explore

Search

March 15, 2026 5:43 pm

सिवान : यात्री का मोबाइल चोरी कर भाग रहा चोर गिरफ्तार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

प्लेटफार्म संख्या तीन पर लिच्छवी एक्सप्रेस में चोरी का प्रयास, आरपीएफ व जीआरपी की मुस्तैदी से पकड़ा गया चोर

सिवान: जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या तीन पर रविवार को एक यात्री का मोबाइल चोरी कर भाग रहे चोर को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि टास्क टीम, आरपीएफ व जीआरपी द्वारा रविवार को निगरानी अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाड़ी संख्या 14005 लिच्छवी एक्सप्रेस ट्रेन के जनरल कोच में चढ़ते समय एक बदमाश ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टंडवा निवासी यात्री नागेंद्र कुमार यादव के पॉकेट से मोबाइल फोन चोरी कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क जवानों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार चोर की पहचान झारखंड राज्य के साहेबगंज जिला अंतर्गत तलझारी थाना क्षेत्र के महाराजपुर नया टोला निवासी शिव कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब बीस हजार रुपये बताई गई है। चोर को अग्रेतर कार्रवाई हेतु जीआरपी के हवाले कर दिया गया है।

बताया गया कि गिरफ्तार चोर छपरा-सिवान-गोरखपुर रेलखंड पर यात्रियों के कीमती सामान, गहने और मोबाइल चोरी करने में लिप्त रहा है। मामले की जांच एएसआई जयचंद कुमार द्वारा की जा रही है। छापेमारी टीम में सउनि शैलेंद्र कुमार पांडेय, हेड कांस्टेबल परमेंद्र राय, हेड कांस्टेबल धर्म प्रकाश मिश्रा, हेड कांस्टेबल मनोज साह और सिपाही अनिल कुमार शामिल रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर