दस बदमाशों ने तीन सगे भाइयों को मारी गोली, एक की मौके पर मौत, दो गंभीर
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान के सराय थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम खौफनाक वारदात, हरदिया गांव में दहशत का माहौल
सिवान: जिले के सराय थाना क्षेत्र के हरदिया गांव में शुक्रवार की देर शाम एक बड़ी आपराधिक घटना घटित हुई। करीब दस की संख्या में आए बदमाशों ने एक ही परिवार के तीन सगे भाइयों को गोलियों से छलनी कर दिया। इस हमले में 28 वर्षीय इरशाद खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय कैफ खान और 35 वर्षीय अजमत खान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देख उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें फिलहाल एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए हैं।
घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ, नगर थाना इंस्पेक्टर और सराय थानाध्यक्ष की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
मृतक इरशाद के पिता इंजत खान ने बताया कि उनका घर हरदिया के घरथवलिया रोड पर स्थित है। शुक्रवार की शाम तीनों बेटे घर पर ही मौजूद थे तभी आधा दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाश अचानक आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। तीनों बेटों को गोली लग गई।
इस घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया और परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में जैसे ही इरशाद खान की मौत की सूचना मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे।