Explore

Search

May 26, 2026 11:37 am

सिवान में अलग-अलग सड़क हादसों में शिक्षिका समेत दो की मौत से पसरा मातम

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान।
जिले के दो अलग-अलग इलाकों में 24 घंटे के भीतर हुई सड़क दुर्घटनाओं में एक शिक्षिका समेत दो लोगों की मौत हो गई। इन हृदयविदारक घटनाओं के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और गांवों का माहौल गमगीन हो गया।

पहली घटना मैरवा थाना क्षेत्र के मैरवा-दरौली मुख्य मार्ग पर स्थित सिसवा दलित बस्ती के पास हुई। जानकारी के अनुसार शीतलपुर निवासी संजय श्रीवास्तव की पत्नी अंजुला घनश्याम लाल, जो कि बीपीएससी टीआरई-1 के तहत पचरुखी प्रखंड में शिक्षिका थीं, स्कूल से लौटते समय सड़क दुर्घटना की शिकार हो गईं।

बताया जाता है कि सोमवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद वह बस से मैरवा धाम उतरीं और अपने पति को कॉल कर बुलाया। उनके पति बाइक से पहुंचे और उन्हें लेकर घर लौट रहे थे। तभी जैसे ही वे एक पगडंडी की ओर मुड़े, सामने से आ रही एक बाइक ने टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों गिर पड़े और अंजुला देवी को सिर में गंभीर चोट लगी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दूसरी घटना जीबी नगर थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के पास रविवार की देर शाम हुई। माधोपुर निवासी 45 वर्षीय उमेश तिवारी साइकिल से जिन बाबा के दर्शन कर लौट रहे थे कि तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार फरार हो गया।

स्थानीय समाजसेवी राकेश यादव ने ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल उमेश तिवारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

दोनों घटनाओं के बाद संबंधित थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर