Explore

Search

December 15, 2025 10:32 am

सिवान में अलग-अलग जगहों पर अगलगी की घटनाओं से मची अफरातफरी, कई संपत्तियाँ जलकर राख

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शनिवार को अगलगी की अलग-अलग घटनाओं ने अफरातफरी मचा दी। कई स्थानों पर आग लगने से बड़ी मात्रा में संपत्ति का नुकसान हुआ है। अग्निशमन विभाग व स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया, हालांकि समाचार लिखे जाने तक क्षति का सही आंकलन नहीं हो सका था।

पहली घटना बसंतपुर प्रखंड मुख्यालय के सरेया रोड स्थित रौशन अहमद के कबाड़ी गोदाम में शनिवार की दोपहर घटी। अचानक लगी आग पछुआ हवा के कारण तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी पहुंची, लेकिन वह आग पर काबू पाने में असमर्थ रही। इसके बाद दो और दमकल गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गोदाम में रखा काफी सामान जलकर राख हो चुका था। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

दूसरी घटना हुसैनगंज थाना क्षेत्र के फरीदपुर गांव में सामने आई, जहां शनिवार दोपहर को किसान लक्ष्मण यादव के एक कट्ठा गेहूं की फसल में आग लग गई। जागरण पंचायत क्लब के अध्यक्ष रजनीश सिंह ने बताया कि खेत से कुछ दूरी पर अष्टयाम का आयोजन हो रहा था। संभवतः तेज पछुआ हवा के चलते अष्टयाम से निकली चिंगारी खेत में जा गिरी और फसल को जला गई।

हालांकि, घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर