✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान में साहित्य प्रेमियों के लिए 24 मार्च की शाम ऐतिहासिक होने जा रही है, जब शब्द सुरों में ढलकर दिलों को छूने आएंगे। सोसाइटी हेल्पर ग्रुप ट्रस्ट के तत्वावधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन सह मुशायरा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के प्रतिष्ठित कवि और शायर अपनी रचनाओं की सौगात लेकर उपस्थित होंगे। इस भव्य आयोजन की संयोजिका एवं संचालनकर्ता प्रख्यात कवयित्री एवं ज्योतिषविद् डॉ. आरती आलोक वर्मा हैं, जबकि इसकी संकल्पना संस्थापक अनमोल कुमार के निर्देशन में साकार हो रही है। कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण नीलोत्पल मृणाल होंगे, जिनकी रचनाएं सामाजिक यथार्थ और बेबाक अभिव्यक्ति की मिसाल हैं। उनकी चर्चित पुस्तक “डार्क हार्स” को साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी अन्य प्रसिद्ध कृतियां “औघड़” और “यार जादूगर” भी पाठकों के दिलों में खास जगह बना चुकी हैं।
इस काव्य महोत्सव में हिंदी और उर्दू साहित्य का अभूतपूर्व समागम देखने को मिलेगा। हास्य से लेकर ओज, शृंगार से लेकर सामाजिक चेतना तक हर रस में पगी कविताएं और शेर-ओ-शायरी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देंगी। इस कार्यक्रम में देवरिया के डॉ. आशुतोष त्रिपाठी हास्य एवं व्यंग्य कविताओं से माहौल में हल्कापन और मुस्कान घोलेंगे, जबकि दिल्ली की कृति चौबे कोमल भावनाओं और स्त्री सशक्तीकरण की सशक्त आवाज़ बनेंगी। पटना के समीर परिमल अपनी उम्दा उर्दू शायरी से लोगों का दिल जीतेंगे, वहीं गया की सान्या राय और पटना के चंदन द्विवेदी सामाजिक मुद्दों को अपनी कविता के माध्यम से उठाएंगे। सिवान के डॉ. के. एहतेशाम अपनी विशेष कविताओं के साथ श्रोताओं को जोड़ेंगे।
संस्थापक अनमोल कुमार ने इस आयोजन को सिवान के साहित्य प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बताया, जहां श्रोता अपने प्रिय कवियों और शायरों को सुनने और उनसे संवाद करने का सुनहरा अवसर प्राप्त करेंगे। संयोजिका डॉ. आरती आलोक वर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि साहित्यिक चेतना को जागृत करना और समाज में सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।