Explore

Search

March 12, 2026 8:54 am

सिवान : माह के अंत तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में समुचित व्यवस्था को करें सुदृढ़ : डीएम

माह के अंत तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में समुचित व्यवस्था को करें सुदृढ़ : डीए
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

समाहरणालय सभागार में डीएम ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

सिवान : जिला समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आईसीडीएस, महिला एवं बाल विकास निगम, पीएचईडी, सिविल सर्जन, एलएईओ 1/2 एवं बाल संरक्षण इकाई की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आईसीडीएस और महिला एवं बाल विकास निगम के विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार गहन समीक्षा की गई।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय और विद्युत कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं माह के अंत तक सुनिश्चित की जाएं। जिन केंद्रों पर ये सुविधाएं नहीं हैं, वहां संबंधित कार्यपालक अभियंताओं के माध्यम से कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने पोषण ट्रैकर के माध्यम से टीएचआर, आभा आईडी, गोदभराई, अन्नप्राशन जैसी सूचनाओं की सौ प्रतिशत अपलोडिंग सुनिश्चित कराने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया। साथ ही अल्पावास गृह, वन स्टॉप सेंटर और पालनाघर की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और हर 15 दिन पर निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में दत्तक ग्रहण केंद्रों और बाल गृहों की नियमित जांच का निर्देश भी डीएम ने दिया। उन्होंने जिला मिशन समन्वयक एवं वन स्टॉप सेंटर से जुड़े कर्मियों को महिलाओं से संबंधित योजनाओं की जानकारी विशेष शिविरों और कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया।

मिशन शक्ति संचालन समिति की बैठक में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान से संबंधित कार्य योजना तैयार कर अनुमोदन लेने का निर्देश भी दिया गया ताकि कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाया जा सके और बालिका शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर