✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जिले भर में जीविका द्वारा महिला संवाद का आयोजन, आत्मनिर्भरता और सरकारी योजनाओं की मिली जानकारी
सिवान : जिले के विभिन्न प्रखंडों में गुरुवार को जीविका के तत्वावधान में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से उन्हें अवगत कराना था। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और अपनी समस्याओं, आकांक्षाओं और अनुभवों को साझा किया।
आंदर प्रखंड के मदेशीलापुर स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में बीपीएम विश्वकर्मा पटेल के नेतृत्व में रोजगार सृजन पर गंभीर चर्चा हुई। इसमें दिलीप कुमार, आलोक कुमार श्रीवास्तव, रामलोचन राम, मनीष बारी समेत दर्जनों महिलाएं उपस्थित रहीं।
दारौंदा प्रखंड के फतेहपुर और ढेबर ग्राम में भी महिला संवाद कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रखंड परियोजना प्रबंधक अमित प्रीतम ने बताया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे महिला उद्यमिता, स्वयं सहायता समूह, प्रशिक्षण व स्वरोजगार की जानकारी दी गई।
सिसवन के ग्यासपुर और रामगढ़ पंचायत में भी संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने के अपने अनुभव साझा किए। बीपीएम संदीप कुमार व श्वेता कुमारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
हुसैनगंज के बड़रम और रसूलपुर पंचायत में करीब 500 महिलाओं की भागीदारी रही। बीपीएम अमित कुमार चौधरी ने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं को उनके अधिकार और हक के प्रति जागरूक करने हेतु आयोजित किया गया था। काजल कुमारी ने बताया कि सरकार की छात्रवृत्ति और साइकिल योजना से पढ़ाई पूरी कर जीविका के माध्यम से उन्हें बैंकिंग सेक्टर में रोजगार मिला।
महाराजगंज के बलिया पंचायत में संगम महिला जीविका ग्राम संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई के लिए सीधी ट्रेन की मांग रखी।
वहीं हसनपुरा के फलपुरा पंचायत के पड़ौली गांव में आयोजित संवाद कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी गई।

