✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
प्रयागराज कुंभ मेला जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार सिवान जंक्शन पर बढ़ती जा रही है। बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और युवा श्रद्धालु प्रयागराज जाने के लिए सुबह से ही जंक्शन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ट्रेनों में इतनी अधिक भीड़ हो रही है कि कई यात्री चढ़ भी नहीं पा रहे हैं।
रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए कई विशेष ट्रेनें चला रहा है, बावजूद इसके श्रद्धालुओं की भीड़ में कोई कमी नहीं आ रही है। लाखों की संख्या में जुटी भीड़ से रेलवे अधिकारी भी परेशान नजर आ रहे हैं। मंगलवार की देर रात छपरा-गोरखपुर सवारी गाड़ी जब सिवान जंक्शन के तीन नंबर प्लेटफॉर्म पर पहुंची, तो बड़ी संख्या में यात्री उसमें सवार हो गए। ट्रेन के गेट से लेकर सीट तक जगह के लिए भारी मारामारी मची रही।
मीरगंज निवासी अनुप कुमार, आंदर निवासी मनोज साह और दखिन टोला निवासी राजू कुमार सहित कई यात्रियों ने बताया कि सिवान जंक्शन से गुजरने वाली अधिकांश ट्रेनों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम नहीं किए गए हैं। श्रद्धालु जान जोखिम में डालकर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर ट्रैक पार कर रहे हैं। इस दौरान श्रद्धालु ट्रेनों के सभी कोचों में ठसाठस भरे नजर आए और किसी भी हाल में प्रयागराज पहुंचने के लिए संघर्षरत दिखे।