भूख हड़ताल पर डटे शिक्षक, कांग्रेस ने डीएम से की हस्तक्षेप की मांग
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भीषण गर्मी में शिक्षकों का संघर्ष जारी, चौथे दिन भी जारी है अनशन
सीवान: 2 जून से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और 17 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षकों की हालत गंभीर होती जा रही है। तेज धूप और 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच भी शिक्षक गोपालगंज मोड़ स्थित आंबेडकर पार्क में डटे हुए हैं। भूख हड़ताल पर बैठे शिक्षकों में से संघ के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह मधुमेह (शुगर) के मरीज हैं, बावजूद इसके वे चौथे दिन भी बिना अन्न-जल के अनशन पर बैठे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी सिवान के अध्यक्ष सुशील कुमार ने जिलाधिकारी आदित्य प्रकाश को एक पत्र सौंपते हुए शिक्षकों के मुद्दे पर मानवीय हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि शिक्षक कई बार जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और स्थापना उप निदेशक (DPO) से वार्ता कर चुके हैं, लेकिन उनकी मांगों की लगातार अनदेखी की गई, जिससे वे मजबूर होकर भूख हड़ताल पर बैठे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षकों की मांगों में 13,000 से अधिक शिक्षकों के ईपीएफ खातों को अपडेट करने, सेवाकाल में प्रशिक्षित शिक्षकों को प्रशिक्षण तिथि से पे ग्रेड देने, प्राधिकार के शिक्षकों को अनावश्यक रूप से प्रताड़ित किए जाने की रोकथाम और शिक्षा विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को समाप्त करने जैसी गंभीर समस्याएं शामिल हैं।
पत्र में सुशील कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करते हुए शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश देना चाहिए ताकि शिक्षकों का अनशन खत्म हो और बातचीत के माध्यम से समाधान निकले। उन्होंने यह भी स्मरण कराया कि जिलाधिकारी स्वयं चिकित्सक हैं, ऐसे में उन्हें शिक्षकों के स्वास्थ्य को लेकर विशेष संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।