✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पूजन, पुष्पांजलि और धर्म चर्चा के साथ युवाओं को दिया गया सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश
सिवान: जिले के सिसवन, रघुनाथपुर समेत विभिन्न प्रखंडों में मंगलवार को भगवान परशुराम के जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया तथा उनके जीवन आदर्शों पर प्रकाश डाला गया।
सिसवन प्रखंड के मेंहदार स्थित एक निजी भवन में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम के तैलचित्र को फूलों से सजाकर की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर आरती की और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रामगढ़ पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि व जदयू प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र भारती ने धर्म जागरण की आवश्यकता पर बल देते हुए युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। कमलदेव तिवारी ने अक्षय तृतीया के दिन भगवान परशुराम के जन्म की महत्ता बताते हुए ब्राह्मण समाज की दिशा-निर्देशक भूमिका पर चर्चा की।
राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह ने भगवान परशुराम के जीवन को अनुकरणीय बताते हुए युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस नेता अजीत उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम में सचिन पांडेय, रूपक दुबे, सागर पांडेय, मंदिर के प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय, नीरज उपाध्याय, अमित मिश्रा, सुरेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
वहीं, रघुनाथपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीत्यागी मठिया परिसर में महंत बालक दास महाराज के नेतृत्व में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूजा-अर्चना के साथ उनकी जीवनी पर विस्तार से चर्चा की गई।
महंत बालक दास महाराज ने कहा कि भगवान परशुराम भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान परशुराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अविनाश पांडेय, गोधन चौबे, समीर दुबे, कुंदन मिश्र, शिवम मिश्रा, बनमाली तिवारी, छोटन पांडेय, अखिलेश पांडेय उर्फ झंपू पांडेय, प्रशांत तिवारी, मनीष चौबे सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।