✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
आंबेडकर स्मृति पार्क तक ढोल-नगाड़ों संग पहुंची शोभायात्रा, मिशन गीतों ने बांधा समां
सिवान जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण अंचलों में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती सोमवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन आंबेडकर जयंती समारोह समिति और अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। भव्य शोभायात्रा वीएम हाईस्कूल सह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, गांधी मैदान, अस्पताल मोड़, बबुनिया मोड़, स्टेशन रोड, डीएवी मोड़, शांति वटवृक्ष मोड़, बड़ी मस्जिद, शहीद सराय, थाना रोड होते हुए जेपी चौक के रास्ते गोपालगंज मोड़ स्थित आंबेडकर स्मृति पार्क पहुंची। शोभायात्रा के दौरान युवाओं ने पंचशील का ध्वज लिए ढोल-नगाड़ों पर नृत्य करते हुए ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, बाबा साहब का नाम रहेगा’ के नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
पार्क में कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध और भीम वंदना, त्रिशरण और पंचशील मंत्रों के साथ हुआ। पूजा अर्चना अधिवक्ता गणेश राम उर्फ ज्ञान रत्न के नेतृत्व में की गई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय जनमत के संपादक नीरज सिंह पटेल ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष और उनके विचारों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब का मानना था कि जब तक देश की महिलाएं सशक्त नहीं होंगी, तब तक देश का विकास संभव नहीं है। उनके जीवन की हर उपलब्धि एक प्रेरणा है जो संघर्षों से होकर आगे बढ़ी।
कार्यक्रम में मिशन गायिका अल्का अग्निहोत्री और उनकी मंडली ने भावपूर्ण मिशन गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। संचालन बीके प्रसाद ने किया।
कार्यक्रम को विधायक सत्यदेव राम, अमरजीत कुशवाहा, राजीव कुमार रंजन, डा. एन के प्रसाद, डा. इंद्र मोहन कुमार, डा. अशोक कुमार, डा. एसके अमन सहित कई गणमान्य वक्ताओं ने संबोधित किया।
मौके पर राजू बैठा, ललन बैठा, रामदास, अरुण कुमार, कामेश्वर कौशल, मिश्री राम, पिंकी देवी, सुशीला देवी, रेणु देवी, धीरेंद्र राम, मोतीलाल बौद्ध, दीपक सम्राट, शैलेश कुमार, अंजू कुमारी, धनदेवी समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।