Explore

Search

March 3, 2026 1:22 pm

सिवान : बकाया वेतन भुगतान की गुहार

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान: शहर के आर्य कन्या उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त शिक्षक युगल किशोर दुबे ने अपने लंबित वेतन एवं अर्जित अवकाश की राशि के भुगतान के लिए शिक्षा विभाग सहित संबंधित पदाधिकारियों को आवेदन सौंपा है। उन्होंने बताया कि पिछले दस वर्षों से उनका अंतरवेतन एवं अव्यवहृत अर्जित अवकाश की राशि का भुगतान नहीं किया गया है, जिसे लेकर उन्होंने कई बार विभागीय अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

युगल किशोर दुबे ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने जिला कार्यक्रम शिक्षा पदाधिकारी (DPEO) अवधेश प्रसाद, डीलिंग सहायक शिवनारायण बैठा और डाटा एंट्री ऑपरेटर धीरज कुमार से मिलकर बार-बार अनुरोध किया, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने अपनी शिकायत बिहार सरकार के मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव, माध्यमिक शिक्षा निदेशक, जिलाधिकारी, सारण प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, जिला सेवा प्राधिकार सह अपर समाहर्ता तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी तक भेजी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें 300 दिनों के अव्यवहृत अर्जित अवकाश की देय राशि तथा एमएसीपी 2010 के अंतर्गत प्राप्त प्रोन्नति के फलस्वरूप चार मार्च 2014 से 30 नवंबर 2014 तक की अंतर राशि अब तक नहीं मिली है। ऐसे में उन्होंने एक बार फिर वरीय पदाधिकारियों से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उनके वेतन और देय राशि के शीघ्र भुगतान की गुहार लगाई है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर