✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
नागपुर कारिडोर पर हुआ हादसा, दो घायल; मृतकों में एक मजदूर, दूसरा वर्कशॉप संचालक
सिवान: महाराष्ट्र के समृद्धि राजमार्ग स्थित नागपुर कारिडोर पर 23 अप्रैल को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में सिवान जिले के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ओरमा निवासी विकास कुमार और पचरुखी थाना क्षेत्र के सादिकपुर निवासी गुड्डू कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक एक नई गाड़ी में सवार होकर महाराष्ट्र से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नागपुर कारिडोर पर कार अचानक पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस घटना में मौके पर ही विकास कुमार और गुड्डू कुमार की मौत हो गई, जबकि मनीष कुमार और नितेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
गुरुवार की देर शाम जैसे ही विकास कुमार का शव सिवान स्थित उनके पैतृक घर पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
बताया जा रहा है कि विकास कुमार महाराष्ट्र में रहकर नौकरी करते थे, जबकि गुड्डू कुमार वहां पर अपना वर्कशॉप चलाते थे। महाराष्ट्र पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया और शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
यह हादसा सिवान जिले के लिए एक गहरी पीड़ा बनकर आया है, जहां दो परिवारों के सपने पल भर में बिखर गए। परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन से शव लाने में सहायता और मुआवजे की मांग की है।