पंचायत उपचुनाव: शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ मतदान, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान के विभिन्न प्रखंडों में मतदान केंद्रों पर रहा मिला-जुला उत्साह, कहीं भी अप्रिय घटना नहीं
सिवान : जिले के विभिन्न प्रखंडों में रिक्त पड़े पंचायत प्रतिनिधियों के पदों पर बुधवार को शांतिपूर्ण माहौल में उपचुनाव संपन्न हुआ। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे मतदान प्रक्रिया पूरी तरह से शांतिपूर्ण रही। हालांकि, मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह कुछ जगहों पर कम देखने को मिला, तो कहीं अच्छी संख्या में लोग वोट देने पहुंचे।
भगवानपुर हाट प्रखंड में हुआ पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव
भगवानपुर हाट प्रखंड के क्षेत्र संख्या 05 (खेढ़वां) और 13 (मीरजुमला) में पंचायत समिति सदस्य के लिए 21 बूथों पर उपचुनाव कराया गया। चार प्रत्याशी मैदान में रहे। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। प्रारंभ में मतदान की गति धीमी रही, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, मतदान प्रतिशत में इजाफा होता गया।
सुबह 11 बजे तक लगभग 19 प्रतिशत वोट डाले गए थे, जबकि शाम तीन बजे तक यह आंकड़ा 36 प्रतिशत से पार कर गया। शाम तक करीब 40 प्रतिशत मतदान की सूचना है। सभी बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती रही, जिससे कहीं भी कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई।
सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर पंचायत में मुखिया पद के लिए मतदान
सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर पंचायत में मुखिया पद के लिए उपचुनाव 17 मतदान केंद्रों पर कराया गया। यह चुनाव भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शाम पांच बजे तक कुल 43.47 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी मिली है।
प्रारंभ में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की उपस्थिति कम रही। सुबह 10 बजे तक अधिकतर मतदान केंद्र खाली नजर आए। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचने लगे।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की मुस्तैदी
इस दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सुरक्षा व्यवस्था में एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, एसडीओ आशुतोष गुप्ता, थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, बीडीओ राजेश कुमार, सीओ पंकज कुमार सहित जिला पुलिस बल और महिला पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही। सभी मतदान केंद्रों पर मजिस्ट्रेट भी मुस्तैदी से डटे रहे और मतदान प्रक्रिया पर नजर बनाए रखी।
प्रशासन की ओर से निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए पूरी सतर्कता बरती गई, जिससे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।