देश विकास के राह पर चल रहा है : प्रभारी मंत्री
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
जिला परिसदन में मंत्री रेणु देवी और जनक राम ने प्रेस वार्ता की, कहा- देश बदल रहा है, परिवारवाद की राजनीति पर साधा निशाना
सिवान : शहर के गोपालगंज मोड़ स्थित जिला परिसदन में बुधवार को बिहार सरकार की मंत्री एवं सिवान की प्रभारी मंत्री रेणु देवी और मंत्री जनक राम ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। इस दौरान मंत्री रेणु देवी ने कहा कि भारत आज विकास की राह पर है। केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार लगातार देश को नई दिशा दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ का संकल्प साकार हो रहा है।
उन्होंने पुलवामा हमले की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उस हमले के बाद दुनिया को बताया कि भारत में सिंदूर की क्या अहमियत है। उन्होंने विरोधियों पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर को पैरों में रखते हैं, वे संविधान के महत्व को नहीं समझते।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री जनक राम ने कहा कि राजद शासनकाल में जनता को समाजवाद के नाम पर सिर्फ परिवारवाद मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव ने सिर्फ रेल का पहिया घुमाया, जबकि एनडीए सरकार ने इंजन बनाने की फैक्ट्री दी। उन्होंने कहा कि यदि लालू प्रसाद यादव को फिर मौका मिला, तो वे अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाएंगे।
उन्होंने बाबा साहब को लेकर दिए गए विवादित बयानों पर भी आपत्ति जताई और कहा कि देश की जनता अब सब समझ चुकी है।
इस कार्यक्रम में भाजपा के मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, भाजपा नेता मिथिलेश यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

