✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दिनेश प्रताप सिंह के सम्मान में पत्रकार भवन में हुआ भव्य आयोजन, जिले में खुशी की लहर
सिवान: राष्ट्रीय युवा जन जागरण सेवा संस्थान के तत्वावधान में रविवार को शहर के पत्रकार भवन में दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष एवं दिल्ली एनडीएमसी के सदस्य मनोनीत होने पर दिनेश प्रताप सिंह का भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंकज गुप्ता एवं शंभू सोनी द्वारा स्वागत गान से हुई। इसके बाद पंडित भजन मिश्र एवं पंडित विनोद कुमार पांडेय ने स्वास्तिवाचन किया तथा शंखध्वनि के साथ मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में दिनेश प्रताप सिंह को नगर परिषद की उपसभापति किरण गुप्ता, कार्यक्रम के अध्यक्ष रंगबहादुर सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी एवं देवेंद्र गुप्ता ने अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि आज जो भी सम्मान मुझे मिल रहा है, उसमें सिवान की धरती और संघ के संस्कारों का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का भी आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के संयोजक देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि दिनेश प्रताप सिंह की उपलब्धि से जिले के निवासियों में गर्व और खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम को प्रोफेसर रविंद्र नाथ पाठक, वरिष्ठ अधिवक्ता शिवनाथ सिंह एवं सुनील दत्त शुक्ल ने भी संबोधित किया। संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज कुमार श्रीवास्तव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन कौशलेंद्र प्रताप ने प्रस्तुत किया।

