✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
नगर थाना क्षेत्र के बबुनिया मोड़ की घटना, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर, पुलिस जांच में जुटी
सिवान : नगर थाना क्षेत्र के बबुनिया मोड़ स्थित विश्वकर्मा पथ पर शनिवार की रात एक दवा दुकान में अज्ञात चोरों ने शटर तोड़कर नकदी व लैपटॉप की चोरी कर ली। घटना में करीब 65 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप की चोरी हुई है। चोरी की जानकारी दुकान मालिक को रविवार सुबह हुई जब वे रोज की तरह दुकान खोलने पहुंचे।
पीड़ित दुकानदार शिवाजी नगर फतेहपुर निवासी पंकज कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर बताया कि उनकी दवा दुकान ‘ओम शांति मेडिको’ के नाम से संचालित है। शनिवार की देर शाम वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह पहुंचे तो देखा कि दुकान का शटर आधा उठा हुआ है। शक होने पर ताला खोलकर अंदर देखा तो लैपटॉप और ₹65,000 नकद गायब थे।
पंकज कुमार ने बताया कि उक्त नकदी आनंद नगर निवासी अमन कुमार को देनी थी, लेकिन उनके नहीं आने के कारण राशि दुकान में ही रखी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पास ही स्थित ‘ओम शांति इंटरप्राइजेज’ में लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि रात करीब दो बजे एक युवक पेट के बल दुकान में घुसकर चोरी करता नजर आ रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस चोर की पहचान में जुट गई है।