✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
11 दिनों से न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित, साइबर थाना पर लापरवाही का आरोप
- बेटी की फोटो पर अभद्र टिप्पणी कर सोशल मीडिया पर किया गया प्रसारित
- 11 मार्च को साइबर थाना में दिया गया था आवेदन
- 11 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं, आवेदन ही हुआ गायब
- पीड़ित ने एसपी व साइबर थानाध्यक्ष से की शिकायत
सिवान : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की पुत्री की तस्वीर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। इस मामले में पीड़ित पिता द्वारा साइबर थाना में आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, बल्कि आवेदन के ही गुम होने का आरोप सामने आया है।
पीड़ित पिता ने बताया कि 11 मार्च को उन्होंने साइबर थाना पहुंचकर अपर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी को लिखित आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उनकी पुत्री की तस्वीर के साथ अभद्र टिप्पणी किए जाने की शिकायत की थी।
उन्होंने बताया कि 13 मार्च को जब उन्होंने पुनः संपर्क किया तो उन्हें थाना बुलाया गया और आवेदन बदलने की बात कही गई। इसके बाद अपर थानाध्यक्ष ने कहा कि उनके कर्मी अंदर हैं, उन्हें आवेदन दे दिया जाए। पीड़ित ने निर्देशानुसार आवेदन जमा कर दिया।
हालांकि, चार दिन बाद 17 मार्च को जब पीड़ित पुनः थाना पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि उनका आवेदन ही उपलब्ध नहीं है। इस पर अपर थानाध्यक्ष ने दोबारा आवेदन देने को कहा, लेकिन पीड़ित ने पहले आवेदन की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
पीड़ित का आरोप है कि वह पिछले 11 दिनों से लगातार थाना का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक न तो आवेदन का कोई रिकॉर्ड मिला और न ही मामले में कोई कार्रवाई हुई।
इस संबंध में पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक और साइबर थानाध्यक्ष से भी शिकायत की है। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार न्याय की आस में भटक रहा है।

