डीएम ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर की बैठक, तैयारियों में जुटा जिला प्रशासन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
20 जून को जसौली में पीएम मोदी की सभा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज, नोडल पदाधिकारियों को दिए गए निर्देश
सिवान : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 20 जून को पचरुखी प्रखंड अंतर्गत जसौली गांव में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में जिला पदाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में कार्यक्रम की सफलता को लेकर गठित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन समयबद्ध और समर्पित भाव से करें।
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा अत्यंत संवेदनशील और प्रतिष्ठित कार्यक्रम है, ऐसे में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए।
बैठक में जिला, अनुमंडल और कोषांग स्तर के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे और कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य, मीडिया समन्वय जैसे तमाम पहलुओं पर समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन ने भरोसा जताया कि यह कार्यक्रम जिले के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक होगा तथा पूरी व्यवस्था सुरक्षा व गरिमा के अनुरूप की जाएगी।