✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: रंगों के त्योहार होली के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 15 मार्च तक विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने तैयारियों को पुख्ता करते हुए 577 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की है। गुरुवार को जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने जिला समाहरणालय सभागार में दंडाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों संग बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
कानून तोड़ने वालों पर तत्काल होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने कहा कि सामाजिक सद्भाव और भाईचारा सिवान की गौरवशाली परंपरा रही है, जिसे कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन की पैनी नजर हुड़दंगियों और शरारती तत्वों पर रहेगी। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाहें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सादे लिबास में पुलिसकर्मी निगरानी करेंगे, जिससे माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
15 मार्च तक कार्यरत रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष
जिला प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष (06154-242000) स्थापित किया गया है, जो 15 मार्च तक 24 घंटे तीन शिफ्टों में संचालित रहेगा। इसमें दंगा नियंत्रण बल, वज्र वाहन, अग्निशमन दस्ते की तैनाती की गई है। साथ ही, फ्यूज कॉल सेंटर और चिकित्सा दल भी सक्रिय रहेगा ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
ड्रोन और डॉग स्क्वायड से होगी सघन जांच
शराबबंदी कानून के सख्त पालन को लेकर ड्रोन और प्रशिक्षित डॉग स्क्वायड की मदद से सार्वजनिक स्थलों, खेत-खलिहानों व संदिग्ध जगहों पर छापेमारी होगी। सभी एसडीएम, एसडीपीओ और उत्पाद अधीक्षक को 24 घंटे सतर्क रहने और लगातार सघन वाहन जांच चलाने के निर्देश दिए गए हैं।