प्रशांत किशोर का सिवान में भव्य स्वागत, बदलाव यात्रा को मिली नई ऊर्जा
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
आजम अली के नेतृत्व में सैकड़ों समर्थकों ने किया स्वागत, ‘जय बिहार’ के नारों से गूंज उठा इलाका
सिवान (बिहार) : बिहार में चल रही जनसुराज की बदलाव यात्रा अब तेज़ी से गति पकड़ रही है। प्रशांत किशोर के नेतृत्व में यह यात्रा जहां एक ओर राजनीतिक व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन का आह्वान कर रही है, वहीं दूसरी ओर लोगों के बीच गहरी पैठ बनाती जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को जब प्रशांत किशोर मैरवा से सिवान लौट रहे थे, तो नगर के सूत फैक्ट्री के पास जनसुराज नेता आजम अली के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

फूलों की मालाओं से लदे प्रशांत किशोर का काफिला जैसे ही सिवान नगर सीमा में दाखिल हुआ, चारों ओर ‘जय बिहार’ और ‘जनसुराज जिंदाबाद’ के नारों की गूंज सुनाई देने लगी। कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। समर्थकों ने हाथों में झंडे और बैनर लेकर प्रशांत किशोर के विचारों का समर्थन करते हुए सड़क के दोनों ओर लंबी कतारें बना दी थीं।
इस विशेष मौके पर जनसुराज के नेता आजम अली ने प्रशांत किशोर को भारत के संविधान की प्रति भेंट की, जिसे उन्होंने “बदलाव की दिशा में सबसे पवित्र दस्तावेज़” बताया। उन्होंने कहा, “आज का उत्साह और उमंग इस बात का प्रमाण है कि अब बिहार बदलाव की ओर अग्रसर है। सिवान की जनता जाग चुकी है और अब कुछ ही महीने शेष हैं जब सत्ता में बदलाव तय है।”

आजम अली ने आगे कहा कि जनसुराज की यह यात्रा अब किसी नेता की नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ बन चुकी है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनसुराज की नीतियों को जनता खुलकर समर्थन देगी और एक नई व्यवस्था की नींव डालेगी।

इस दौरान सड़क किनारे खड़े लोगों ने प्रशांत किशोर के समर्थन में हाथ हिलाते हुए स्वागत किया। कई युवा बाइक रैली के रूप में काफिले में शामिल हो गए। स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने पुष्प वर्षा कर प्रशांत किशोर और उनके काफिले का अभिनंदन किया।

