✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत जिले में चल रहा सक्रिय उपचार अभियान, पूर्व के 148 मरीज हो चुके हैं पूरी तरह ठीक
सिवान : भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार प्रयास जारी है। इस क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवन की ओर से वर्ष 2024 में जनवरी से दिसंबर के बीच 148 यक्ष्मा (टीबी) रोगियों की पहचान की गई थी। इन सभी का सफलतापूर्वक इलाज कर उन्हें पूरी तरह स्वस्थ घोषित किया जा चुका है।
वर्ष 2025 की बात करें तो जनवरी में 13, फरवरी में 13 और मार्च में 12 नए यक्ष्मा रोगियों की पहचान हुई है। इन सभी का इलाज फिलहाल जारी है। इस संबंध में वरीय यक्ष्मा पर्यवेक्षक राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि रोगियों को दवा, जांच और परामर्श की सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क दी जा रही हैं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एसएम समीउद्दीन आजाद ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा लिए गए टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में जिले में स्वास्थ्य कर्मी और सहयोगी संस्थाएं मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मरीज का विवरण निश्चय पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और सभी को योजनाओं का समुचित लाभ मिले। इसके अलावा सरकार की ओर से टीबी रोगियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।