Explore

Search

March 4, 2026 12:23 am

सिवान जंक्शन से अपराध की योजना बनाते पांच बदमाश गिरफ्तार

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सिवान : सिवान जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या पांच के समीप स्थित झाड़ी से शनिवार को जीआरपी ने अपराध की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म नंबर पांच के दक्षिण दिशा में झाड़ियों के बीच चार से पांच की संख्या में युवक किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। तत्परता दिखाते हुए जीआरपी ने मौके की घेराबंदी कर छापेमारी की।

पुलिस को अपनी ओर आता देख सभी युवक भागने लगे, जिन्हें बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पकड़े जाने के बाद पूछताछ में कोई भी युवक अपने भागने का संतोषजनक कारण नहीं बता सका। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के मोबाइल फोन, स्टील का चाकू और ब्लेड बरामद किया गया।

गिरफ्तार बदमाशों में हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सूरापुर निवासी मुकेश कुमार चौधरी, छपरा जिले के माझी थाना क्षेत्र के डुमरी निवासी चंदन साह, नया गांव निवासी विकास कुमार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के श्याम चौक निवासी दीपक कुमार और गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के काला बिशनपुरा निवासी प्रकाश पासवान शामिल हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे ट्रेन के आने का इंतजार कर रहे थे ताकि यात्रियों से मोबाइल और अन्य सामान की चोरी की जा सके। जीआरपी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि सभी आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर