Explore

Search

August 24, 2026 11:37 pm

सिवान-छपरा रेलखंड पर सघन चेकिंग: 122 बिना टिकट यात्री पकड़े गए, वसूला गया जुर्माना

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अभियान से रेलवे में हड़कंप, टिकट काउंटरों पर लगी लंबी कतारें


सिवान: वाराणसी मंडल के अंतर्गत सिवान-छपरा रेलखंड पर चलाए गए सघन टिकट जांच अभियान में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा कर रहे 122 यात्रियों को पकड़ा गया। इन यात्रियों से कुल 32,930 रुपये का जुर्माना वसूल कर उन्हें छोड़ दिया गया।
यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान के नेतृत्व में चलाया गया। जन संपर्क पदाधिकारी अशोक कुमार के अनुसार, सिवान, एकमा और छपरा स्टेशन को आधार बनाकर विशेष रूप से सघन जांच की गई।
इस दौरान 75103 छपरा-सिवान सवारी गाड़ी और 75204 सिवान-छपरा डेमू सहित विभिन्न ट्रेनों में किलाबंदी कर टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान में मंडल वाणिज्य निरीक्षक प्रणव प्रभाकर, सईद अख्तर (आईसीपी छपरा) समेत कुल सात टिकट जांच कर्मी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर टिकट लेने के लिए यात्रियों की लंबी कतारें देखी गईं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाया जा सके।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शेख रहमान ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान रेलवे नियमों का पालन करें और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें, साथ ही ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता बनाए रखें।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर