✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
भारतीय सेना के शौर्य को सलाम, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने लगाए देशभक्ति के नारे
सिवान: भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई कार्रवाई के समर्थन में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने सिवान शहर में तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा पार्टी के पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी के नेतृत्व में आयोजित की गई।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अभिमन्यु कुमार सिंह के आवास से हुई और यात्रा जेपी चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’, ‘भारतीय सेना जिंदाबाद’ जैसे देशभक्ति नारों के साथ पूरे जोश और उत्साह में नजर आए।
दारौंदा के विधायक करणजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने कार्यक्रम में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में आतंकियों के अड्डे ध्वस्त कर देश की सुरक्षा को और मजबूत किया गया है।
पश्चिमी जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि हमारी सेना ने आतंकवाद के आकाओं के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए उन्हें उनके ठिकानों पर जाकर जवाब दिया है। हम सभी भाजपा कार्यकर्ता इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से सेना को अपना पूर्ण समर्थन और सम्मान व्यक्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, हरेंद्र कुशवाहा, देवेंद्र गुप्ता, चंद्र विजय प्रकाश उर्फ हैप्पी यादव, प्रदीप कुमार रोज, आभा कुशवाहा, सुभाष सिंह कुशवाहा, अमित कुमार सिंह, संतोष राउत, सुनीता जायसवाल, रूपल आनंद, आदित्य पाठक, मुकेश कसेरा, अजीत कुमार, रंजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।