Explore

Search

January 24, 2026 2:52 pm

सिवान : उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी सीवान से गिरफ्तार

उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी सीवान से गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

पटना पुलिस ने दरौली के राकेश तिवारी को किया गिरफ्तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर दी थी धमकी

सीवान : राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पटना पुलिस ने शनिवार को सीवान के दरौली थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दरौली थाना के दोन बुजुर्ग तिवारी टोला निवासी मृत्युंजय तिवारी के पुत्र राकेश तिवारी के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार की रात 8:52 बजे उपेंद्र कुशवाहा के मोबाइल पर कई बार फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वाला खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बता रहा था और कह रहा था कि “अपराध के खिलाफ बोलते हो, पुलिस लोगों को मारती है, उनके खिलाफ नहीं बोलते हो, आरजेडी के खिलाफ नहीं बोलते हो।” इसके बाद एक मैसेज के माध्यम से 10 दिन के भीतर जान से मार देने की भी धमकी भेजी गई।

घटना के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने इसकी जानकारी पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा को दी। मामला गंभीर मानते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

गिरफ्तारी की पूरी कार्रवाई
शुक्रवार की शाम पटना पुलिस सीवान पहुंची और मोबाइल लोकेशन के आधार पर दरौली थाना की मदद से संयुक्त छापेमारी की गई। रात करीब 2 बजे दोन बुजुर्ग तिवारी टोला गांव में दबिश देकर आरोपी राकेश तिवारी को गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी से जुड़ा रहा है और उनके एक हालिया बयान से नाराज़ था। इसी कारण उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर धमकी दी थी।

लॉरेंस गैंग से संबंध की जांच जारी
धमकी के दौरान आरोपी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लिया था, जिसके चलते पुलिस अब उसके संबंध की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक की जांच में गैंग से उसकी कोई सीधी संलिप्तता सामने नहीं आई है।

सीवान एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि दरौली थानाध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है, लेकिन आधिकारिक बयान गिरफ्तार करने वाली एजेंसी यानी पटना पुलिस ही देगी।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर