Explore

Search

March 4, 2026 11:39 am

सिवान : इदार-ए-शरिया की अहम बैठक सिवान में आयोजित, गुलाम रसूल बलियावी को सौंपा गया मेमोरेंडम

सिवान : इदार-ए-शरिया की अहम बैठक सिवान में आयोजित, गुलाम रसूल बलियावी को सौंपा गया मेमोरेंडम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
अवान इंडिया ट्रस्ट की ओर से प्रस्तुत 6 सूत्रीय मांगपत्र में मदरसा बहाली, वक्फ कानून और मुस्लिम सुरक्षा को लेकर उठी आवाज

सिवान : गुरुवार को सिवान नगर के ड्राइवर होटल में इदारा-ए-शरिया पटना की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अवान इंडिया एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट (पंजीकृत संख्या 865/2010) के तत्वावधान में संपन्न हुई।

बैठक के मुख्य अतिथि के रूप में इदारा-ए-शरिया पटना बिहार के सदर गुलाम रसूल बलियावी ने शिरकत की। इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष इरशाद अली खान ने गुलाम रसूल बलियावी को एक महत्वपूर्ण मेमोरेंडम (6 सूत्रीय मांगपत्र) सौंपा।

इस मेमोरेंडम में निम्नलिखित मुद्दे उठाए गए:

  1. इदारा-ए-शरिया का निकाहनामा ऑनलाइन नहीं है, और उसका लोगो पासपोर्ट ऑफिस में अमान्य है। इसे वैध कराने हेतु आवश्यक सरकारी पहल की मांग।
  2. बिहार स्टेट मदरसा एजुकेशन बोर्ड में चेयरमैन की नियुक्ति नहीं होने से मदरसों में शिक्षकों की बहाली और अन्य कार्य बाधित हैं।
  3. देशभर में मुस्लिमों पर हो रही मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर रोक लगाने और उनके संरक्षण हेतु केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग।
  4. वक्फ संशोधन बिल के विरोध में पहले लिए गए रुख को बरकरार रखने और इदारा-ए-शरिया के माध्यम से केंद्र सरकार से संवाद स्थापित करने की जरूरत।
  5. इदारा की लोकप्रियता बढ़ाने हेतु उलमा-ए-अहले सुन्नत और आम जनता से अधिक से अधिक संवाद स्थापित करने पर बल।
  6. सारण कमिश्नरी के ऐतिहासिक योगदान को उजागर करते हुए, खास तौर पर मुफ्ती अनीस आलम कादरी सिवान की 1985 की मुस्लिम पर्सनल लॉ कॉन्फ्रेंस का हवाला देते हुए, फिर से वक्फ बिल के विरोध में सिवान से इदारा-ए-शरिया के बैनर तले आवाज उठाने की मांग।

बैठक में मौजूद लोगों ने सर्वसम्मति से इस मांगपत्र का समर्थन किया और उम्मीद जताई कि गुलाम रसूल बलियावी बतौर बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष इन मुद्दों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।

इस अवसर पर मौलाना इमरान सहित कई सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आयोजन सार्थक संवाद और मजबूत साझेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

 

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर