आराध्या चित्रकला द्वारा सावन महोत्सव सीजन-4 का आयोजन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
3 अगस्त को परी वाटिका मैरिज हॉल में होगा भव्य आयोजन, सावन क्वीन व मेहंदी क्वीन प्रतियोगिता होंगी आकर्षण का केंद्र
सिवान: शहर की प्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था आराध्या चित्रकला द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य सावन महोत्सव सीजन-4 का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 3 अगस्त 2025, दिन रविवार को मैरिज हॉल परी वाटिका (अशोक रेडियो के बगल) में आयोजित होगा। संस्था द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह आयोजन पिछले तीन वर्षों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए इस बार और भी आकर्षक और सांस्कृतिक रंगों से सजा होगा।
मेहंदी रचाओ, पारंपरिक गीतों की प्रस्तुति, झूमेंगा सारा सिवान की थीम
कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि इसमें सावन क्वीन और मेहंदी क्वीन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह सावन की हरियाली और उत्सवमयी थीम पर सजाया जाएगा, जिसमें स्टार बैंड्स द्वारा सावन ट्रूप्स की रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी। पारंपरिक गीतों के साथ ‘झूमेंगा सारा सिवान’ की थीम पर विशेष प्रस्तुति इस कार्यक्रम की जान बनेगी।
बच्चों व प्रतिभागियों की प्रतिभा को मिलेगा मंच, नारी शक्ति करेगी सजावट
आराध्या चित्रकला की प्रमुख शिक्षिका रिया श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम का संचालन किया जाएगा। कार्यक्रम में नृत्य, चित्रकला, फैशन जोन जैसी विविध गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। बच्चों की भागीदारी भी इसमें विशेष रूप से सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम को सजाने और भव्यता प्रदान करने की जिम्मेदारी सिवान की सुप्रसिद्ध नारी शक्ति टोली ने ली है। उनके सहयोग से कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण और लोकसंस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।
सावन का स्वागत सांस्कृतिक रंगों और उत्सव की उमंग के साथ
संस्था की ओर से बताया गया कि सावन के इस आयोजन का उद्देश्य न केवल पारंपरिक संस्कृति को जीवित रखना है, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन करना भी है। कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति की संभावना है।