Explore

Search

January 19, 2026 6:55 am

सिवान : आम्रपाली एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

आम्रपाली एक्सप्रेस में महिला ने दिया बच्ची को जन्म, जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

देवरिया के पास हुआ प्रसव, सिवान स्टेशन पर ट्रेन रोकी गई, रेलवे टीम ने किया इलाज

सिवान : शनिवार को आम्रपाली एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 15708) में यात्रा कर रही एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन के जनरल कोच में एक बच्ची को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन को सिवान जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर रोका गया, जहां आरपीएफ और रेलवे चिकित्सकों की टीम ने जच्चा-बच्चा की स्वास्थ्य जांच की और दवाएं उपलब्ध कराईं।

आरपीएफ उप निरीक्षक संजय कुमार पांडेय ने बताया कि वाराणसी मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष से सूचना मिली कि आम्रपाली एक्सप्रेस के गार्ड ब्रेक से सटे जनरल कोच में एक महिला यात्री ने बच्ची को जन्म दिया है। ट्रेन के सिवान जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ, जीआरपी, टीटीई निशा, फार्मासिस्ट मनोज कुमार आदि मौके पर पहुंचे। जांच में महिला और नवजात दोनों को स्वस्थ पाया गया।

पूछताछ में महिला ने बताया कि टिकट उसके पति के पास है, जो गुड़गांव में हैं। सहयात्रियों ने बताया कि देवरिया के पास प्रसव हुआ था और महिला यात्रियों की मदद से यह संभव हो सका। इलाज के संबंध में महिला ने कहा कि वह ठीक है और सोनपुर तक ही जा रही है।

गाड़ी सिवान जंक्शन पर सुबह 10:30 बजे पहुंची और 10:54 बजे आगे के लिए रवाना हुई। रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की सूचना ऑन ड्यूटी ट्रेन मैनेजर को भी दी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर