✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
पुत्र-वधु के पुराने विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच मारपीट, दोनों ओर से लगे गंभीर आरोप
सिवान : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चकरा गांव में शनिवार की रात एक पुराने आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई झड़प में करीब आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज सिवान सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घायलों में एक पक्ष के मैनेजर राम, मंझरिया देवी, चंदन राम, पीयूष और राहुल राम शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष से राहुल कुमार, विश्वकर्मा राम और रेखा घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में मैनेजर राम ने बताया कि करीब दो साल पहले उनका पुत्र राहुल कुमार, पड़ोसी विश्वकर्मा राम की पुत्री के साथ घर से भाग गया था। डेढ़ साल पहले लड़की की वापसी के बाद उसकी शादी परिवार वालों ने कर दी थी। आरोप है कि दो दिन पूर्व राहुल कुमार के गांव आने पर विश्वकर्मा राम के परिजनों द्वारा गाली-गलौज की गई और शनिवार की रात विश्वकर्मा राम अपने पुत्र और करीब एक दर्जन लोगों के साथ उनके घर में घुसकर मारपीट करने लगे।
दूसरी ओर, विश्वकर्मा राम का आरोप है कि मैनेजर राम के परिवार वालों ने अचानक उनके घर में घुसकर बिना किसी कारण के मारपीट की, जिसमें उनके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की और अप्रिय घटना को रोका जा सके।

