✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान के विभिन्न थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक, अफवाहों से बचने और सौहार्द बनाए रखने की अपील
सिवान: जिले के महाराजगंज, गुठनी और असांव थाना में होली और रमजान को लेकर सोमवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों त्योहारों को आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही, अफवाहों से बचने और प्रशासन को सहयोग करने का संदेश दिया गया।
प्रशासन की कड़ी नजर, हुड़दंगियों पर होगी सख्त कार्रवाई
महाराजगंज थाना परिसर में एसडीओ अनिल कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में होली को भाईचारे का पर्व बताया गया और अफवाहों से बचने की सलाह दी गई। एसडीपीओ आरके रंजन ने कहा कि शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में शामिल ईओ हरिश्चंद्र, पुअनि अमरेंद्र कुमार, राहुल भारती, विद्युत अभियंता आशीष रंजन, गोरख सिंह महाविद्यालय के निदेशक प्रो. अभय कुमार सिंह, प्रो. सुबोध कुमार सिंह, डॉ. त्रिपुरारी शरण सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, पवन कुमार, बलिराम प्रसाद बली, अमरजीत सिंह आदि ने भी अपने विचार रखे।
गुठनी में भी शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध
गुठनी थाना परिसर में प्रखंड प्रमुख विंध्यवासिनी नारायण सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में होली व रमजान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को होली मनाने की पुष्टि की गई।
प्रखंड प्रमुख ने मुस्लिम समुदाय का रमजान का महीना चलने के कारण विशेष संवेदनशीलता बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। सीओ डॉ. विकास कुमार ने कहा कि पूर्व में विवादित स्थलों पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध और अश्लील गानों पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक में मुखिया ललन राय, दिलीप गुप्ता, लिटिल पांडेय, सुबोध सिंह, मुंशी मियां, मेराज अंसारी, रवींद्र पासवान, नीतीश कुशवाहा आदि शामिल रहे।
प्रशासन का सख्त निर्देश: सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं त्यौहार
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान हुड़दंग करने वालों और शांति भंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही, रमजान में नमाज पढ़ने वाले भाइयों को किसी प्रकार की बाधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा।