✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
अनियोजित विकास और संकरी गलियों के कारण शहर में फायर ब्रिगेड की पहुंच सीमित, बड़ा हादसा होने पर मुश्किल होगी राहत कार्य में
सिवान : गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खेत-खलिहानों से लेकर शहरी इलाकों तक यह खतरा मंडरा रहा है। खासकर शहरी क्षेत्र में बिजली उपकरणों की अधिकता और जर्जर वायरिंग के चलते शार्ट सर्किट की घटनाएं आम हो गई हैं। परंतु सबसे गंभीर चिंता का विषय यह है कि शहर के अधिकतर मोहल्लों में मकान अनियोजित रूप से संकरी गलियों में बने हुए हैं, जहां आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन का पहुंचना लगभग असंभव है।
नगर क्षेत्र के कई मोहल्लों में सड़क की चौड़ाई इतनी कम है कि दोपहिया वाहन भी मुश्किल से निकल पाते हैं। ऐसे में अगर किसी मकान में आग लग जाती है तो अग्निशमन वाहन समय पर पहुंच भी पाएगा या नहीं, यह बड़ा सवाल बन गया है।
फायर ब्रिगेड विभाग के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि कई बार आग लगने की सूचना मिलने के बाद भी वाहन मौके तक नहीं पहुंच पाता, जिससे आग पर काबू पाना और अधिक मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा वर्षों से इन इलाकों में पक्की सड़क या चौड़ीकरण की कोई पहल नहीं की गई है। स्थिति यह है कि घरों के आगे अवैध निर्माण और अतिक्रमण के कारण रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं।
अग्निशमन विभाग और नगर परिषद की संयुक्त पहल से यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो किसी बड़ी त्रासदी से इनकार नहीं किया जा सकता।

