अभाविप के 77वें स्थापना दिवस पर मैराथन दौड़ का आयोजन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
राष्ट्रभक्ति, युवा चेतना और संगठनात्मक विचारधारा के साथ सैकड़ों छात्रों ने लिया भाग
सिवान: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 77वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय छात्र दिवस के अवसर पर बुधवार को सिवान इकाई द्वारा भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व संगठन के प्रांत सह मंत्री मनोज कुमार गुप्ता ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत वीएमएच विद्यालय सह राजकीय इंटर कॉलेज से की गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गोपालगंज मोड़ स्थित राजेंद्र पार्क तक संपन्न हुई। मैराथन में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान युवाओं ने राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और संगठन के मूल्यों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मौके पर उपस्थित मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि एक राष्ट्रवादी विचारधारा है, जो छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति में बदलने का कार्य करती है। उन्होंने अभाविप की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की प्रेरणादायक यात्रा पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को नेतृत्व, सेवा भाव और अनुशासन का पाठ पढ़ाया।
इस मौके पर जिला संयोजक वेद प्रकाश चौहान, उप सभापति किरण गुप्ता, पूर्व कार्यकर्ता देवेंद्र गुप्ता, रविरंजन, सुभाष सिंह कुशवाहा, मुकेश कुमार बंटी सहित अन्य सक्रिय सदस्य एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की सफलता में कार्यकर्ताओं की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने आयोजन को अनुशासित और प्रभावशाली बनाया।