✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता, 24 घंटे डॉक्टर और स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित
सिवान: जिले में गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। दोपहर के समय तेज धूप और लू चलने से आम जनजीवन पर असर पड़ने लगा है। इस बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया है। सदर अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से निपटने की व्यापक तैयारी शुरू कर दी गई है।
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि सदर अस्पताल में हीट स्ट्रोक के मरीजों के इलाज के लिए एक विशेष वार्ड तैयार किया जा रहा है। इस वार्ड में 24 घंटे डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
अस्पताल में पीने के साफ पानी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को कोई असुविधा न हो। सभी वार्डों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को भी अपने-अपने अस्पतालों में पर्याप्त दवा, डॉक्टर और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सिविल सर्जन ने बताया कि हीट स्ट्रोक के मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए एंबुलेंस सेवाओं को भी पूरी तरह से अलर्ट मोड में रखा गया है। यदि किसी मरीज की हालत गंभीर होती है तो उसे उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर करने में कोई देरी नहीं की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग की इस तैयारी से उम्मीद की जा रही है कि जिले में गर्मी और लू से होने वाले संभावित खतरों को कम किया जा सकेगा।

