श्रावण की पहली सोमवारी: मेंहदार व सोहागरा धाम में उमड़े श्रद्धालु
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रविवार की शाम से ही मेंहदार में जुटने लगे थे श्रद्धालु, सोहागरा धाम में भी सुरक्षा व व्यवस्था चाक-चौबंद
सिसवन/गुठनी (सिवान): श्रावण मास की पहली सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। सिसवन के प्रसिद्ध मेंहदार मंदिर में रविवार की देर शाम से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था।
मंदिर परिसर, कमलदाह सरोवर घाट और आसपास के क्षेत्र में देर रात तक चहल-पहल बनी रही। अनुमान है कि रविवार की देर शाम तक करीब 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मेंहदार पहुंच चुके थे। ये श्रद्धालु सोमवार की भोर से ही भगवान शिव पर जल चढ़ाकर परिवार, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर परिसर में दंडाधिकारी की तैनाती की गई है, महिला पुलिस बल लगाया गया है, तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। कमलदाह सरोवर घाट की सफाई भी विशेष रूप से कराई गई है।
मेंहदार मंदिर की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि यहां उत्तर प्रदेश के बलिया, देवरिया, गोरखपुर से लेकर दिल्ली तक से श्रद्धालु सावन की सोमवारी पर दर्शन व जलाभिषेक के लिए आते हैं।
सोहागरा धाम में भी तैयारियां पूरी
गुठनी प्रखंड स्थित बाबा हंसनाथ मंदिर, सोहागरा धाम में भी सावन की पहली सोमवारी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। बाबा हंसनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष बृजेश सिंह ने बताया कि मंदिर परिसर की साफ-सफाई के साथ-साथ तीनों प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।
सोमवारी के दिन दोपहिया व चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए मंदिर के गर्भगृह में महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है।
प्रखंड क्षेत्र के सीओ डॉ. विकास कुमार ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और सभी स्तर पर सुरक्षा व प्रबंधन को लेकर तैयारी पूर्ण कर ली गई है।