पोखरे में डूबने से दो किशोरों की मौत, गांव में छाया मातम
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बलडीहां पंचायत में शोक की लहर, पढ़ाई में होनहार थे दोनों किशोर, अंतिम संस्कार में रो पड़ा गांव
लकड़ी नबीगंज (सिवान): प्रखंड के बलडीहां पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 के दो किशोरों की पोखरे में डूबकर मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। रविवार की सुबह करीब 10 बजे जब दोनों किशोरों का अंतिम संस्कार किया गया तो वहां उपस्थित हर आंख नम हो गई।
मृतकों की पहचान भगवान लाल राय के इकलौते पुत्र निखिल कुमार (17 वर्ष) और मनोज राय के पुत्र बबलू कुमार (14 वर्ष) के रूप में हुई है। निखिल इंटर का छात्र था जबकि बबलू कक्षा नौवीं में पढ़ता था। दोनों ही पढ़ाई में काफी तेज और अनुशासित माने जाते थे।
निखिल का जीवन पहले से ही संघर्षों से भरा रहा। उसके पिता नशे के आदी थे और कोरोना काल में उनका निधन हो गया था। मां छठी देवी की मौत करीब 15 साल पहले हो चुकी थी। इसके बाद निखिल की परवरिश उसके चाचा लक्ष्मण राय ने की, जो राजमिस्त्री का काम करते हैं। लक्ष्मण राय ने बताया कि कुछ ही दिन पहले निखिल का इंटर में नामांकन करवाया गया था और वह पढ़ाई को लेकर बेहद उत्साहित था। दुर्भाग्यवश वे घटना के समय आरा में काम पर थे और देर शाम सूचना मिलने पर लौटे।
इसी तरह बबलू के घर में भी कोहराम मचा हुआ है। उसके पिता मनोज राय हरियाणा की एक स्टील फैक्ट्री में काम करते हैं। जैसे ही रविवार की सुबह करीब 3 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, पूरा माहौल शोक में डूब गया। स्वजन व पड़ोसियों के करुण क्रंदन से वातावरण गमगीन हो गया।
स्थानीय प्रशासन द्वारा दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की अनुमति ली गई थी, जिसे स्वजनों ने सहमति देकर स्वीकार कर लिया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।

