✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शांति और सुरक्षा को लेकर सख्त इंतजाम
- पूरे जिले में ड्रोन कैमरों से निगरानी
- 422 चेकपोस्ट पर 1266 पुलिसकर्मी तैनात
- डीजे और हथियारों पर पूर्ण प्रतिबंध
- 4692 असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई
सिवान: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सिवान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।
सभी निर्धारित जुलूस मार्गों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। इसके अलावा प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर सभी थानों की ओर से फ्लैग मार्च किया गया है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम हो।

जुलूसों और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के मद्देनजर लगभग 422 चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां करीब 1266 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने जुलूस के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया है, साथ ही तलवार, भाला, लाठी जैसे सभी प्रकार के हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक लगाई गई है।
विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस ने 4692 असामाजिक तत्वों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है। वहीं सीसीए-3 के तहत 75 प्रस्ताव समर्पित किए गए हैं।

साथ ही 534 डीजे संचालकों से बॉन्ड डाउन कराया गया है और अब तक 101 डीजे जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस द्वारा सभी जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन कर लिया गया है ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सभी थानों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है। इसके अलावा पुलिस बलों को दंगा नियंत्रण ड्रिल का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और क्यूआरटी (Quick Response Team) समेत अन्य विशेष बलों को अलर्ट मोड में रखा गया है।

सिवान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 या जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031683607 पर संपर्क करें।

