Explore

Search

May 14, 2026 10:06 am

रामनवमी को लेकर सिवान में सख्ती: 101 डीजे जब्त, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

प्रशासन अलर्ट मोड में, शांतिपूर्ण त्योहार को लेकर कड़े इंतजाम• रामनवमी पर जिले में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध

  • अब तक 101 डीजे जब्त, अभियान जारी
  • डीएम-एसपी के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च
  •  संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी और पुलिस तैनाती

सिवान: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर अब तक 101 डीजे जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देश पर गुरुवार को सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति और नियमों का उल्लंघन कर संचालित किए जा रहे डीजे के खिलाफ कार्रवाई की गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि रामनवमी के अवसर पर जिले में डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है और इसका उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


वहीं, रामनवमी शोभायात्रा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार सुबह जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च जेपी चौक से शुरू होकर थाना मोड़, बबुनिया मोड़, मखदूम सराय, तेलहट्टा बाजार, गल्ला पट्टी, बड़ी मस्जिद, शांति वृत्त, नया किला और कागजी मोहल्ला होते हुए पुनः जेपी चौक पहुंचा। इस दौरान प्रशासन ने लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया।
डीएम ने कहा कि रामनवमी के दौरान जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और आमजन से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। वहीं, एसपी ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के उपद्रव, विवाद या अवांछनीय गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरती जा रही है और शोभायात्रा के दौरान सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
फ्लैग मार्च में सदर एसडीओ आशुतोष गुप्ता, एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार, सराय थानाध्यक्ष विकास कुमार बिट्टू, महादेवा थानाध्यक्ष विनीत विनायक सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर