सूबेदार मेजर विपिन बिहारी सिंह की 10वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वीर सपूत को दी गई पुष्पांजलि, देशसेवा व समाजसेवा को किया गया स्मरण
रघुनाथपुर (सिवान):
प्रखंड के राजपुर गांव में शनिवार को भारतीय सेना के वीर योद्धा और राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित सूबेदार मेजर विपिन बिहारी सिंह की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई और उनके जीवन के योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके सैन्य जीवन के साहस, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया। बताया गया कि विपिन बिहारी सिंह ने 1960 में भारतीय सेना में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा की शुरुआत की थी। उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें कई सैन्य पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धि तब रही जब उन्हें तत्कालीन राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी द्वारा विशेष राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया गया।
वर्ष 1986 में सूबेदार मेजर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी विपिन बिहारी सिंह ने समाजसेवा को ही अपना धर्म माना। वे अपने गांव में अनुशासन, प्रकृति प्रेम और नैतिकता की शिक्षा बच्चों को दिया करते थे, जिससे वे आज भी नई पीढ़ी के प्रेरणास्त्रोत बने हुए हैं।
इस अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में राम विनोद सिंह, अखिलेश सिंह, अंकित श्रीयांश, अजय सिंह, निर्भय सिंह सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

