✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
रघुनाथपुर के संठी गांव में अगलगी से किसानों को भारी नुकसान, मुआवजा व जांच की मांग उठी
रघुनाथपुर (सिवान): प्रखंड के संठी गांव के चंवर में शुक्रवार को दोपहर के समय भीषण अगलगी की घटना में करीब 150 किसानों की लगभग सौ बीघा में लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस हादसे में किसानों को करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिससे क्षेत्र के किसानों के समक्ष गहरी आर्थिक समस्या उत्पन्न हो गई है।
घटना के बाद शनिवार को भाजपा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष रत्नेश्वर कुमार सिंह ने अंचलाधिकारी प्रत्यक्ष कुमार को एक पत्र लिखकर अग्निपीड़ित किसानों के फसल क्षति का आकलन कराते हुए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि घटना की गंभीरता से जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के उपाय किए जा सकें।
बताया जा रहा है कि घटना के कारण किसानों की एक वर्ष की मेहनत और फसल का सपना पलभर में राख हो गया। किसान अब सरकारी मदद की आस लगाए बैठे हैं।