मेंहदार महेंद्रनाथ मंदिर में तीन लाख श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, जिले भर के शिवालयों में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सिवान : सावन की पहली सोमवारी पर सिवान जिले में शिवभक्ति की अद्भुत छटा देखने को मिली। प्रखंडों से लेकर शहर तक के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिरों के पट खुलते ही हर-हर महादेव और ओम नमः शिवाय के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा।
सिसवन प्रखंड के मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर में रविवार की रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। आधी रात को श्रद्धालुओं ने कमलदाह सरोवर में स्नान कर जलाभिषेक की शुरुआत की। मंदिर के प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय ने बताया कि दोपहर दो बजे तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान आशुतोष का जलाभिषेक कर चुके थे। इस दौरान प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
गुठनी प्रखंड के सोहागरा स्थित बाबा हंसनाथ मंदिर में बिहार और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। सोमवार की दोपहर तक करीब डेढ़ लाख से अधिक भक्त जलाभिषेक कर चुके थे। वहीं दरौली थाना क्षेत्र के चकरी धाम स्थित सिद्ध गुफा योगाश्रम में स्थापित विशालकाय शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। यहां के महंत महामंडलेश्वर रघुनाथ दास महाराज ने बताया कि एक लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक कर चुके हैं। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने मां पारंबा भगवती का दर्शन और पूजन किया।
शिवभक्ति की लहर जिले के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिली। जीरादेई के अकोल्ही स्थित अनंतधाम मंदिर, मैरवा का हरिराम ब्रह्म मंदिर, गोरेयाकोठी के हयातपुर स्थित जंगली बाबा मंदिर, जामो का रामजानकी शिव मंदिर, महाराजगंज शहर के सिहौता स्थित रामेश्वर धाम समेत कई मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
वहीं पश्चिमारी मठ, नागाजी मठ, नया बाजार मठ, इंदौली, महुआरी, पटेढ़ी, शिवदह, जिगरहंवा, रिसौरा, लकड़ी नबीगंज, पड़ौली, कपरीपुर, डुमरा, मदारपुर, सूर्यपुरा सहित सैकड़ों गांवों के शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर शिवभक्ति में लीन दिखे।
बसंतपुर के लाल बाबा शिव मंदिर, बसांव नगरी शिव मंदिर, भगवानपुर हाट, ब्रह्मस्थान, कन्हौली, मोलनापुर, सोहिलपट्टी, खैरवा, नदुआ, मोरा मैरी, माघर, दारौंदा, रुकुंदीपुर, सतजोड़ा, भीखाबांध, उजाय, बगौरा, बड़हरिया, यमुनागढ़, जमनपुरा का जटहवा बाबा मंदिर, आंदर रामजानकी मंदिर, जयजोर, हुसैनगंज, हथौड़ा, पश्चिमी और पूर्वी हरिहांस, बड़रम, छपिया, हसनपुरा, रजनपुरा, पचरुखी, सहलौर, दरौली, नौतन सहित हर क्षेत्र में शिवालयों में श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
सावन की इस पहली सोमवारी पर शिवालयों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कई जगहों पर मेले भी लगे, जहां पूजा सामग्री, प्रसाद, खिलौनों और मिठाइयों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की खूब खरीदारी देखी गई। महिला-पुरुष श्रद्धालु घंटों कतारबद्ध होकर जलाभिषेक करते नजर आए। कहीं भक्ति गीतों की गूंज थी तो कहीं घंटे-घड़ियाल की मधुर ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बनाए हुए थी।