महाराजगंज: राजेंद्र चौक पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग तेज, शहरवासी बोले– अंधेरे में बढ़ रही घटनाएं
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शहर के अतिव्यस्त चौक पर जर्जर हो चुकी हैं पुरानी लाइटें, लोगों ने सांसद-विधायक से लगाई गुहार
महाराजगंज (सिवान): शहर के सबसे व्यस्ततम स्थलों में शामिल राजेंद्र चौक पर अब अंधेरे का साया मंडरा रहा है। वर्षों पहले लगाए गए पुराने जमाने के स्ट्रीट लाइट अब पूरी तरह खराब हो चुके हैं। इसको लेकर स्थानीय नागरिकों ने नए आधुनिक स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की मांग तेज कर दी है।
शहरवासी अजय कुमार, प्रशांत सिंह, भोला कुमार, गोलू कुमार, मार्कंडेय सिंह, उमेश प्रसाद और भोलू कुमार समेत कई लोगों ने स्थानीय सांसद, विधायक और नगर पंचायत से अपील की है कि राजेंद्र चौक पर जल्द से जल्द हाई पावर स्ट्रीट लाइट लगाई जाए, ताकि इस क्षेत्र को फिर से रोशन किया जा सके।
लोगों का कहना है कि राजेंद्र चौक न सिर्फ यातायात के लिहाज से व्यस्त इलाका है, बल्कि शाम होते ही यहां अंधेरा छा जाता है, जिससे दुर्घटना और आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। पर्याप्त रोशनी से न सिर्फ आम जन को सहूलियत होगी बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी।
शहरवासियों ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र पहल नहीं की गई तो वे नगर पंचायत कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

