Explore

Search

August 13, 2026 8:07 am

महाराजगंज में पुलिस टीम पर पथराव,महिला एसआई समेत दो घायल

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

  • रामापाली गांव में दो पक्षों के झगड़े ने लिया उग्र रूप
  • भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट
  • मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर हुआ पथराव
  • महिला एसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल
  • 13 नामजद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

महाराजगंज (सिवान) : महाराजगंज थाना क्षेत्र के रामापाली गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट ने मंगलवार की रात उग्र रूप ले लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर एक पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें महिला एसआई समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज महाराजगंज पीएचसी में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामापाली गांव निवासी राधव कुमार और पारस यादव के बीच लंबे समय से भूमि विवाद चल रहा था। मंगलवार की शाम इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। गश्ती वाहन पर तैनात पुअनि सीमा कुमारी, पुअनि ललन सिंह एवं अन्य पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।
इसी दौरान पारस यादव के पक्ष के करीब 10 से 15 लोग पुलिसकर्मियों से उलझ गए और धक्का-मुक्की करते हुए अचानक पथराव शुरू कर दिया। महिला-पुरुषों ने मिलकर पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पथराव में एक महिला पुलिसकर्मी सहित दो जवान घायल हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ अमन अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ा।
इस मामले में महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के आवेदन पर 31 मार्च को थाना कांड संख्या 116/26 के तहत 13 नामजद आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर