✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
मुख्य पार्षद शारदा देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक, मानसून पूर्व तैयारियों पर भी हुआ मंथन
महाराजगंज (सिवान): महाराजगंज नगर पंचायत की मासिक बोर्ड बैठक शुक्रवार को नगर पंचायत सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद शारदा देवी ने की, जिसमें नगर क्षेत्र के समग्र विकास से संबंधित विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पिछली बैठक की संपुष्टि के साथ-साथ 20 मई को हुई सशक्त स्थाई समिति की बैठक के अनुमोदन को भी स्वीकृति दी गई। बैठक में मुख्य रूप से नगर क्षेत्र के पेयजल संकट से जूझते वार्डों में समरसेबल पंप और सामुदायिक स्टैंड पोस्ट लगाने, विभिन्न वार्डों में हाईमास्ट लाइट लगाने और नल-जल योजना के विस्तार पर विचार हुआ।
इसके अलावा नगर क्षेत्र में सफाई कार्य के लिए कार्यरत एजेंसी सीबीजीडब्ल्यू इंफ्रा डेवलपर्स कंपनी लिमिटेड को मई माह का भुगतान और मानसून को ध्यान में रखते हुए आवश्यक विभागीय कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने पर भी चर्चा की गई।
बैठक में उप मुख्य पार्षद गुड़िया कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी हरिश्चंद्र, वार्ड पार्षद सेराज आलम, चंपा देवी, हरेंद्र श्रीवास्तव, सुमन देवी, कलावती देवी और मनोज कुमार समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।