नगर पंचायत उपाध्यक्ष ने ईओ पर लगाए बंदरबांट के आरोप, सांसद को सौंपा ज्ञापन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महाराजगंज में टेंडर प्रक्रिया और खर्च को लेकर मचा बवाल, ईओ ने बताया आरोप बेबुनियाद
महाराजगंज (सिवान): नगर पंचायत की उपाध्यक्ष गुड़िया कुमारी ने कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) हरिश्चंद्र के खिलाफ सरकारी राशि की बंदरबांट और अनियमित खर्च को लेकर मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को उन्होंने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल को ज्ञापन सौंपकर ईओ के कार्यों की जांच कराने की मांग की है।
उपाध्यक्ष का आरोप है कि ईओ द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए सरकारी राशि की लूट और अपव्यय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चौक-चौराहों पर प्याऊ लगाने के नाम पर जेम पोर्टल के माध्यम से एक करोड़ 70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जो वास्तव में अनुपयोगी सामग्री की खरीद दिखाकर बंदरबांट की योजना है।
सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उपाध्यक्ष को आश्वासन दिया कि वह इस मामले की जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराएंगे।
वहीं, इस संबंध में ईओ हरिश्चंद्र ने कहा कि “मुझ पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद और निराधार हैं। मैं किसी भी स्तर की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हूं।”
नगर पंचायत में इस विवाद के बाद राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है, और निगाहें अब आगामी जांच पर टिकी हैं।