Explore

Search

March 12, 2026 3:11 pm

महाराजगंज/तरवारा/दरौंदा : प्रभारी एसपी ने थानों का किया निरीक्षण, पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर दिए कई निर्देश

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

महाराजगंज, जीबी नगर व दारौंदा थानों में विधि-व्यवस्था की समीक्षा, चौकीदारों को सतर्क रहने का निर्देश

सिवान : जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह ने रविवार को महाराजगंज, जीबी नगर और दारौंदा थानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों व चौकीदारों के साथ बैठक कर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की और कई आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

महाराजगंज थाना पहुंचकर उन्होंने चौकीदारों से उनके क्षेत्र की जानकारी ली और निर्देशित किया कि वे अपने-अपने पंचायतों में पूरी तरह से मुस्तैद रहें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि किसी चौकीदार के कार्यक्षेत्र से कोई शिकायत मिली तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही थाना स्तर से जुड़े मामलोें को पहले स्वयं सुलझाने का प्रयास करें, जरूरत पड़ने पर थाने को तत्काल सूचित करें।

प्रभारी एसपी ने पदाधिकारियों को गश्त में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने चौक-चौराहों पर नियमित वाहन जांच कराने, संध्या और रात्रि गश्त को सक्रिय बनाए रखने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह, पुअनि अमरेंद्र कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

दारौंदा थाना में भी निरीक्षण के क्रम में प्रभारी एसपी ने चौकीदार परेड करवाई और उन्हें अपने क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष छोटन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और चौकीदार मौजूद रहे।

जीबी नगर थाना निरीक्षण के दौरान प्रभारी एसपी ने तैनात चौकीदारों से इलाके की स्थिति की जानकारी ली और उन्हें रात्रि गश्त को नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बदमाशों और शराब तस्करों पर कड़ी नजर रखने, फरार वारंटियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने और कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।

उनके औचक निरीक्षण से थानों में पदस्थापित कर्मियों में हलचल देखी गई और कई पुलिसकर्मी सजग हो गए।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर