Explore

Search

March 11, 2026 9:00 am

महाराजगंज : छठ घाट निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग, वार्डवासियों का विरोध प्रदर्शन

छठ घाट निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग, वार्डवासियों का विरोध प्रदर्शन
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

33 लाख की योजना में अनदेखी, वार्ड 12 के लोगों ने जताई नाराजगी, कार्य रोकने की चेतावनी

महाराजगंज (सिवान) : नगर पंचायत महाराजगंज के वार्ड संख्या 12 में छठ घाट निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग को लेकर बुधवार को स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज वार्डवासियों ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और काम को तत्काल रोकने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे बलिस्टर महतो, संयोग चौधरी, मंजीत कुमार सिंह, तारकेश्वर महतो, राकेश कुमार महतो सहित अन्य लोगों ने बताया कि छठ घाट का निर्माण 33 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है, लेकिन ठेकेदार द्वारा मानकों को दरकिनार कर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं और लोगों को आशंका है कि घाट जल्द ही जर्जर हो जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने ठेकेदार को कई बार गुणवत्तापूर्ण निर्माण की मांग की, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष व कार्यपालक पदाधिकारी से शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रदर्शनकारी वार्डवासियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक निर्माण कार्य में प्राक्कलन के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं होगा, तब तक वे निर्माण कार्य नहीं होने देंगे।

इस संबंध में नगर पंचायत के जूनियर इंजीनियर प्रीतम कुमार ने कहा कि यदि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा है, तो इसकी जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी।

इस पूरे मामले ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्यों में निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर