महाराजगंज: आपसी विवाद में पिता-पुत्र पर तेजाब से हमला, गंभीर रूप से झुलसे
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महाराजगंज शहर के पुरानी बाजार में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात, सदर अस्पताल में कराया गया भर्ती
सिवान : महाराजगंज शहर के पुरानी बाजार में रविवार की शाम करीब चार बजे एक पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक व्यक्ति ने अपने ही भाई और भतीजे पर तेजाब फेंककर उन्हें गंभीर रूप से झुलसाने का प्रयास किया।
घायल लाल बाबू प्रसाद ने बताया कि वह अपने पुत्र आदर्श के साथ अपनी दुकान “आदर्श ज्वेलर्स” पर बैठे थे। इसी दौरान बगल की दुकान में कारीगर का काम कर रहा उनका सगा भाई रामबाबू प्रसाद किसी बात पर गाली-गलौज करने लगा।
मना करने पर, रामबाबू ने अपनी दुकान में रखा तेजाब उठाकर लाल बाबू और उनके पुत्र आदर्श पर फेंक दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को महाराजगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें सिवान सदर अस्पताल रेफर किया गया।
घायल लाल बाबू ने बताया कि उनका भाई रामबाबू पहले भी कई बार विवाद और झगड़ा करता रहा है। इस बार मामला हिंसा तक पहुंच गया। पुलिस को घटना की जानकारी दे दी गई है और जांच जारी है।

